वाराणसी में नीट छात्रा बनी दरिंदगी की शिकार,आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे नशीला पेय पिलाकर दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया।
आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे चुप रहने पर मजबूर करने की कोशिश की।
मामला इस प्रकार है:
पीड़िता छात्रा भोंगाबीर स्थित एक हॉस्टल में रहकर नीट (मेडिकल प्रवेश परीक्षा) की तैयारी कर रही है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपी राज जान से उसकी जान-पहचान थी। राज जान ने उसे फोन कर एक पेइंग गेस्ट हाउस में मिलने के लिए बुलाया।
जब वह वहां पहुंची तो आरोपी ने उसे नशीला पेय पदार्थ पिला दिया। उसके बाद उसे होश नहीं रहा। छात्रा को बाद में एहसास हुआ कि राज जान ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका वीडियो भी बनाया। आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो वह यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए लंका थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भगवानपुर निवासी आरोपी राज जान को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।