भारत जोड़ो यात्रा को यूपी में एतिहासिक बनाने के लिए जुटे वरिष्ठ कांग्रेसी
ख़बर को शेयर करे
लखनऊ | कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को यूपी में एतिहासिक बनाने के लिए वरिष्ठ पार्टी नेता जुटे हुए हैं। पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद की अध्यक्षता में 22 दिसंबर को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर उच्चस्तरीय बैठक होगी। इसमें अब तक की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा।
राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। कांग्रेसियों का दावा है कि इससे पार्टी के जनाधार में काफी बढ़ोतरी हो रही है। हर धर्म, जाति व समुदाय के लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। यह यात्रा जहां से गुजर रही है, एक अलग छाप छोड़ रही है। भारत जोड़ो यात्रा यूपी की सीमा में दिल्ली से 3 जनवरी को प्रवेश करेगी। गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बड़ौत और बागपत होते हुए पानीपत (हरियाणा) जाएगी। कांग्रेसियों को अंदाजा है कि यूपी की सीमा के भीतर यह दूरी करीब 4-5 दिनों में पूरी होगी।
राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने के इच्छुक लोगों से ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। उनसे पूछा जा रहा है कि वे वालंटियर की तरह इसमें शामिल होना चाहते हैं या फिर यात्री की तरह। इसके अलावा यात्रा में शामिल होने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अधिकृत मोबाइल नंबर 9899102102 भी जारी किया है, जिस पर संपर्क कर इच्छुक व्यक्ति भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बन सकते हैं। प्रदेश अध्यक्ष बृज लाल खाबरी के अलावा प्रांतीय अध्यक्ष नसीमुद्दीन सिद्दीकी समेत सभी प्रांतीय अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में यात्रा को सफल बनाने के लिए अभियान चला रहे हैं।