घोटाले का आरोपी पूर्व सहायक विकास अधिकारी गिरफ्तार

घोटाले का आरोपी पूर्व सहायक विकास अधिकारी गिरफ्तार

वाराणसी  (जनवार्ता )। बलिया जनपद के चर्चित खाद्यान्न घोटाले में वांछित चल रहे पूर्व सहायक विकास अधिकारी (कृषि) सूरश्याम सिंह को मंगलवार को वाराणसी में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) की क्रैक टीम ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी अखरी चौराहे के पास शाम लगभग 4 बजे की गई।

ईओडब्ल्यू के सेक्टर के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ा गया, जो वर्ष 2002 से 2005 के मध्य बलिया के बांसडीह ब्लॉक में सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना के अंतर्गत हुए कार्यों में 27 लाख रुपये की शासकीय धनराशि के गबन के मामले में संलिप्त था।

जांच में सामने आया है कि बांसडीह ब्लॉक के विभिन्न गांवों में कराए गए मिट्टी कार्य, नाली निर्माण, खड़ंजा, संपर्क मार्ग और पुलिया निर्माण जैसे कार्य या तो अधूरे थे या मानकों के अनुरूप नहीं किए गए थे। आरोप है कि फर्जी मस्टर रोल तैयार कर कोटेदारों, ब्लॉक प्रमुख और खंड विकास अधिकारी के साथ मिलीभगत करते हुए फर्जी श्रमिकों के नाम पर खाद्यान्न वितरण दर्शाया गया। इस पूरे मामले में कुल 19 अभियुक्तों की संलिप्तता पाई गई थी।

गिरफ्तार सूरश्याम सिंह उस समय ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात थे और वर्तमान में सेवानिवृत्त सहायक विकास अधिकारी (कृषि) हैं। उनके विरुद्ध मु.अ.सं. 65B/2006, थाना बांसडीह, बलिया में भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 419, 420, 467, 468, 471, 218, 201, 120बी, 34 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) के तहत मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तार अभियुक्त को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट, वाराणसी में प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सहजानंद श्रीवास्तव, मुख्य आरक्षी हेमंत सिंह और मुख्य आरक्षी विनोद यादव भी शामिल रहे।

इसे भी पढ़े   पर्यावरण संरक्षण में सभी की भागीदारी जरूरी: धर्मेन्द्र राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *