राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मथुरा यात्रा कल
महाराजा एक्सप्रेस बनेगी ‘प्रेसीडेंट स्पेशल’
नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को मथुरा-वृंदावन की विशेष यात्रा पर जाएंगी। इस ऐतिहासिक यात्रा के लिए भारतीय रेलवे ने अपनी शानदार महाराजा एक्सप्रेस को ‘प्रेसीडेंट स्पेशल ट्रेन’ के रूप में तैयार किया है। यह ट्रेन नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मथुरा तक चलेगी। इस ट्रेन के ऐतिहासिक सैलून में देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद से लेकर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम तक यात्रा कर चुके हैं। कई विदेशी अतिथियों ने भी इस सैलून में सफर का आनंद लिया है।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए रेलवे और राष्ट्रपति भवन के अधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ट्रेन के लोको पायलट और गार्ड्स को विशेष प्रोटोकॉल की ट्रेनिंग दी गई है। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति की ट्रेन से पहले एक रेलगाड़ी ट्रैक पर चलाई जाएगी, जिसके बाद जीएम या डीआरएम का निरीक्षण वाहन दौड़ेगा। ट्रैक और सुरक्षा की गहन जांच के बाद ही ‘प्रेसीडेंट स्पेशल’ रवाना होगी।
इस सैलून में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन, जाकिर हुसैन, वी. वी. गिरी, नीलम संजीव रेड्डी जैसे दिग्गज राष्ट्रपतियों ने भी यात्रा की है। 25 जून 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी इस ट्रेन से दिल्ली से कानपुर तक का सफर किया था। वर्ष 1956 में तैयार यह विशेष सैलून तकनीकी सीमाओं के कारण तेज रफ्तार से नहीं चल सकता था, इसलिए 2024 में इसे नेशनल रेल म्यूजियम में विरासत के रूप में संरक्षित कर दिया गया।
पुराने राष्ट्रपति सैलून के स्थान पर अब चार लग्जरी ट्रेनों—महाराजा एक्सप्रेस, रॉयल ओरिएंट एक्सप्रेस, डेक्कन ओडिसी और पैलेस ऑन व्हील्स—को राष्ट्रपति की यात्रा के लिए चुना गया है। ये ट्रेनें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं और राष्ट्रपति की सुरक्षा, आराम और प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखती हैं।

