प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक  मंचन के साथ यातायात माह का भव्य समापन

प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक  मंचन के साथ यातायात माह का भव्य समापन

पुलिस आयुक्त ने सड़क सुरक्षा की दिलाई सामूहिक शपथ

rajeshswari

वाराणसी (जनवार्ता)  । पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के तत्वावधान में महीने भर चले यातायात माह-2025 का रविवार को भव्य एवं गरिमामय समापन हुआ। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्वयं कार्यक्रम की अध्यक्षता की और सैकड़ों नागरिकों, स्कूली बच्चों तथा पुलिसकर्मियों को सड़क सुरक्षा की सामूहिक शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त के साथ अपर पुलिस आयुक्त, उपायुक्त यातायात सहित कमिश्नरेट के सभी वरिष्ठ अधिकारी, यातायात पुलिसकर्मी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समापन समारोह में सड़क सुरक्षा का संदेश देने के लिए एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया जिसमें लापरवाही से ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट न पहनने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल प्रयोग के खतरों को जीवंत रूप से दर्शाया गया। साथ ही यातायात प्रदर्शनी में आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, सिग्नल व्यवस्था, लाइफ सेविंग उपकरण और जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की गई।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर एवं अनधिकृत सायरन की बिक्री एवं फिटिंग करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा शपथ में सभी ने प्रतिज्ञा ली कि वे दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनेंगे, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य करेंगे, शराब पीकर वाहन नहीं चलाएंगे, ओवर स्पीडिंग से बचेंगे और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का उपयोग नहीं करेंगे।

यातायात माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले यातायात पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा स्कूल-कॉलेज स्तर पर आयोजित पोस्टर मेकिंग, क्विज, पेंटिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं में विजेता बच्चों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इसे भी पढ़े   काशी ने लहराया परचम: बनारसी लंगड़ा आम और पान को मिला GI टैग, आदमचीनी चावल और रामनगर का भंटा भी हुआ शामिल

अपने प्रेरक संबोधन में पुलिस आयुक्त श्री मोहित अग्रवाल ने कहा कि हर व्यक्ति का जीवन अनमोल है और यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं बल्कि मानवीय संवेदना और जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियमों का पालन अपनी जीवनशैली बनाएं और दूसरों को भी जागरूक करें। उन्होंने यह भी बताया कि कमिश्नरेट द्वारा चौराहों का विकास, आधुनिक तकनीक का प्रयोग और सेफ्टी साइनेज को अपडेट करने का काम तेजी से चल रहा है।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का यादगार आयोजन बताया।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *