हापुड़ : दिनदहाड़े 85 लाख रुपये की लूट
हापुड़ (जनवार्ता)। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पिलखुवा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने एक मुनीम से 85 लाख रुपये लूट लिए। घटना सरस्वती मेडिकल कॉलेज के पास हुई। लुटेरे मुनीम की बाइक में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया, फिर मारपीट की और कनपटी पर तमंचा सटाकर नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

पीड़ित मुनीम अजय पाल (42), नोएडा के दादरी निवासी हैं। वे घी-तेल और चीनी के बड़े कारोबारी गोपाल के यहां मुनीम का काम करते हैं। अजय पाल ने बताया कि वे फुटकर व्यापारियों से कलेक्शन कर 85 लाख रुपये लेकर बाइक से लौट रहे थे। हाईवे पर पहुंचते ही पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने टक्कर मारी, जिससे वे गिर पड़े। बदमाशों ने उन्हें पीटा, तमंचा सटाया और बैग छीन लिया। सिर पर तमंचे की बट से वार करने के बाद बदमाश फरार हो गए। पैर में चोट लगने से अजय उनका पीछा नहीं कर सके।
घायल अजय पाल को स्थानीय लोगों की मदद से सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सिर और पैर में चोट लगी है, लेकिन हालत स्थिर है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। टीमें गठित कर सर्विलांस और सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

