ग्रामीण क्षेत्रों में बनेंगे 60 आधुनिक बरात घर

ग्रामीण क्षेत्रों में बनेंगे 60 आधुनिक बरात घर

शहर आने की जरूरत खत्म

rajeshswari

वाराणसी (जनवार्ता)। नए साल में वाराणसी जिले के ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिलने वाली है। जिले में कुल 60 बरात घरों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे गांवों में शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के लिए शहर का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इन बरात घरों में लॉन जैसी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और किराया भी मामूली रखा गया है। कुल परियोजना पर करीब 45.36 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

ये बरात घर कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत बनाए जा रहे हैं। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) 20, पावर ग्रिड 15 और रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आरईसीएल) 25 बरात घरों का निर्माण करा रही है। इन संस्थाओं ने अब तक 12.62 करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी कर दी है। विशेष रूप से सेवापुरी और काशी विद्यापीठ ब्लॉक में एक-एक बड़ा बरात घर प्रस्तावित है, जिन पर करीब 2.77 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

निर्माण कार्य यूपी सिडको, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड और विकास प्राधिकरण जैसी एजेंसियां कर रही हैं। निर्माण सेवापुरी ब्लॉक में 31, आराजीलाइन ब्लॉक में 20 तथा काशी विद्यापीठ ब्लॉक में 9 बरात घरों का होगा।

महिला समूहों को मिली जिम्मेदारी

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हालिया वाराणसी दौरे में निर्देश के अनुसार, इन बरात घरों का संचालन महिला ग्राम संगठनों को सौंपा जाएगा।

पायलट प्रोजेक्ट के तहत सेवापुरी ब्लॉक के अर्जुनपुर गांव में बने पहले बरात घर का एमओयू ग्राम पंचायत और महिला ग्राम संगठन के बीच हुआ है।

किराया 5100 रुपये निर्धारित किया गया है। बुकिंग ग्राम संगठन से संपर्क कर की जा सकेगी। आय का 35 प्रतिशत पंचायत खाते में जाएगा, जबकि शेष महिला समूह को मिलेगा। महिलाओं की जिम्मेदारी साफ-सफाई और रखरखाव की होगी। कैटरिंग, टेंट आदि के लिए अलग से खर्च करना पड़ेगा।

इसे भी पढ़े   मुन्ना भाई बनकर परीक्षा दे रहा युवक पुलिस की गिरफ्त में

ग्रामीणों का कहना है कि इससे गांव में ही शहर जैसी सुविधा मामूली किराए पर मिल जाएगी, जो बड़ी राहत होगी। परियोजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा और महिलाओं को आत्मनिर्भरता का अवसर प्राप्त होगा।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *