पर्यटक का 1.5 लाख की ज्वेलरी से भरा बैग मात्र 24 घंटे में बरामद

पर्यटक का 1.5 लाख की ज्वेलरी से भरा बैग मात्र 24 घंटे में बरामद

पर्यटक बोलीं- ‘काशी की पुलिस वाकई में देवदूत’

वाराणसी (जनवार्ता) । गुजरात से काशी की आध्यात्मिक यात्रा पर आई एक पर्यटक महिला का 1.5 लाख रुपये मूल्य की कीमती ज्वेलरी से भरा काला बैग इलेक्ट्रिक ऑटो में छूट गया था। लेकिन वाराणसी पुलिस ने मात्र एक दिन के अंदर सीसीटीवी फुटेज की मदद से बैग बरामद कर सुरक्षित रूप से महिला को लौटा दिया। इस घटना ने न केवल पर्यटक के चेहरे पर मुस्कान लौटा दी, बल्कि काशी आने वाले श्रद्धालुओं में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत किया।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार, सूरत (गुजरात) निवासी साधना राय, पति अजय राय और पुत्र शिवम राय के साथ रविवार को वाराणसी पहुंची थीं। आजमगढ़ रोड पर भ्रमण के दौरान उनका एक काला बैग इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा में ही छूट गया, जिसमें करीब 1.5 लाख रुपये की ज्वेलरी रखी हुई थी।

बैग गुम होने की जानकारी मिलते ही पांडेयपुर चौकी प्रभारी प्रवीण सचान ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। उनकी टीम ने कमांड हाउस और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और सघन प्रयासों के बाद सोमवार को बैग बरामद कर लिया गया और पर्यटक को सौंप दिया गया।

साधना राय ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर आभार जताते हुए कहा, “काशी आने पर हम थोड़े डरे हुए थे, लेकिन पुलिस ने हमें ऐसा भरोसा दिया कि अब हम बिना किसी चिंता के भगवान के दर्शन कर रहे हैं। ये लोग सचमुच देवदूत हैं।”

वाराणसी पुलिस की इस सराहनीय पहल से पर्यटकों में सुरक्षा को लेकर नया विश्वास जगा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि काशी की यात्रा पर आने वाले हर श्रद्धालु और पर्यटक की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसे भी पढ़े   काशी में 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य आगाज कल से
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *