कन्नौज जिला जेल से दो कैदी फरार
कंबल की रस्सी बनाकर 22 फीट ऊंची दीवार फांदी
कन्नौज । उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले की अनौगी स्थित जिला जेल से रविवार देर रात दो विचाराधीन कैदी फिल्मी स्टाइल में फरार हो गए। दोनों ने कंबलों को जोड़कर रस्सी बनाई और जेल की करीब 22 फीट ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले। सोमवार सुबह कैदियों की गिनती के दौरान यह घटना सामने आई, जिससे जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।


फरार कैदियों की पहचान डिम्पी उर्फ शिवा (ठठिया थाना क्षेत्र के मलगांवा गांव का निवासी) के रूप में हुई है, जो पोक्सो एक्ट के मामले में विचाराधीन था। दूसरा कैदी अंकित (तालग्राम थाना क्षेत्र का निवासी) अवैध हथियार और चोरी के मामले में बंद था।
सूत्रों के अनुसार, रविवार रात जेल में न्यू ईयर की देरी से पार्टी चल रही थी। जेल अधीक्षक भीमसेन मुकुंद सहित स्टाफ और उनके परिवार वाले पार्टी में व्यस्त थे। डीजे की आवाज और शोर के बीच सुरक्षा में चूक का फायदा उठाकर दोनों कैदियों ने कई कंबल जोड़कर रस्सी बनाई। पूर्वी दीवार से उन्होंने यह कारनामा अंजाम दिया। दीवार पर लटकी रस्सी मिलने से फरारी की पुष्टि हुई।
जानकारी मिलते ही डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे। जेल की सुरक्षा में लापरवाही के लिए चार से पांच जेल कर्मियों को सस्पेंड किया गया। पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं, जो फरार कैदियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। जेल प्रशासन की भूमिका की जांच के आदेश दिए गए हैं।
यह घटना जेल सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। दोनों कैदी शातिर अपराधी बताए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

