वाराणसी : 16 से 27 तक चलेगा खसरा-रूबेला विशेष टीकाकरण अभियान

वाराणसी : 16 से 27 तक चलेगा खसरा-रूबेला विशेष टीकाकरण अभियान

जिले को रोग मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम

वाराणसी (जनवार्ता)। खसरा और रूबेला जैसे खतरनाक संक्रामक रोगों से बच्चों को स्थायी सुरक्षा प्रदान करने के लिए वाराणसी जिले में विशेष एमआर टीकाकरण अभियान 16 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। यह अभियान भारत सरकार के राष्ट्रीय शून्य खसरा-रूबेला उन्मूलन लक्ष्य का हिस्सा है, जिसके तहत वर्ष 2026 तक पूरे देश को इन रोगों से मुक्त करने का संकल्प लिया गया है।

rajeshswari

सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित विभागों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने बताया कि वाराणसी में कक्षा एक से कक्षा पांच तक के सभी सरकारी, निजी स्कूलों तथा मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को इस अभियान के दौरान एमआर टीका लगाया जाएगा। साथ ही 5 से 10 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को एमआर वैक्सीन की अतिरिक्त खुराक दी जाएगी, चाहे उन्हें पहले यह टीका लग चुका हो।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कनौजिया ने अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खसरा और रूबेला अत्यंत संक्रामक रोग हैं। खसरा से बच्चों में निमोनिया, डायरिया, कुपोषण तथा दृष्टिहीनता जैसी गंभीर जटिलताएं हो सकती हैं, जबकि रूबेला संक्रमण गर्भवती महिलाओं में होने पर नवजात शिशु में जन्मजात विकृतियां पैदा कर सकता है। एमआर टीका इन दोनों रोगों से प्रभावी एवं सुरक्षित सुरक्षा प्रदान करता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने जोर दिया कि इस अभियान से न केवल बच्चे सुरक्षित रहेंगे, बल्कि पूरा समाज इन रोगों से मुक्त हो सकेगा।

इसे भी पढ़े   तीन दिवसीय मजलिस 9,10,11 नवम्बर को अर्दली बाज़ार में

अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं। तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी, जहां माइक्रो प्लान पर गहन चर्चा होगी। टीकाकरण से एक-दो दिन पहले प्रत्येक स्कूल में चिकित्सकों, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की बैठकें होंगी, ताकि बच्चों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन तथा समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें तथा अपने बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं।

बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, रोटरी क्लब के प्रतिनिधि, विश्व स्वास्थ्य संगठन , यूनिसेफ, जेएसआई सहित अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यह अभियान वाराणसी जिले को खसरा-रूबेला मुक्त बनाने की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा। अभिभावकों से अनुरोध है कि वे समय रहते सहयोग करें, क्योंकि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज एवं उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *