दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सीआरसी ने वितरित किए सहायक उपकरण
*वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया क्षेत्र में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समेकित क्षेत्रीय केंद्र (सीआरसी) वाराणसी ने प्रधानमंत्री दिव्याशा केंद्र (पीएमडीके) के माध्यम से ऐडीप योजना के अंतर्गत नई सुबह संस्था, खनाव में जांच एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किया।


इस कार्यक्रम में सीआरसी वाराणसी के निदेशक आशीष कुमार झा ने डॉक्टर अजय तिवारी (निदेशक, नई सुबह संस्था), आशीष पाराशर (व्याख्याता फिजियोथेरेपी) और अवनीश सिंह के साथ मिलकर पात्र दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए। इनमें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी तथा शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम किट) जैसी महत्वपूर्ण वस्तुएं शामिल थीं।

उपकरण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त की और बताया कि ये सहायक उपकरण उनके दैनिक जीवन को आसान बनाने में काफी मददगार साबित होंगे।
सीआरसी के निदेशक आशीष कुमार झा ने इस अवसर पर कहा कि सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजन समाज की मुख्य धारा से जुड़कर आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे उपकरण दिव्यांगजनों की शारीरिक, सामाजिक तथा आर्थिक क्षमता को बढ़ावा देते हैं, जिससे वे स्वावलंबी जीवन व्यतीत कर सकें।
यह आयोजन भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत संचालित ऐडीप योजना का हिस्सा है। योजना का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आधुनिक, टिकाऊ और वैज्ञानिक रूप से निर्मित सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनकी पुनर्वास प्रक्रिया को मजबूत बनाना है।

