बलिया: रसड़ा में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़ में घायल दो शूटरों समेत 4 गिरफ्तार
24 घंटे में हत्या का खुलासा
बलिया (जनवार्ता) । रसड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मात्र 24 घंटे के भीतर एक बेरहम हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार बदमाशों को दबोच लिया। मुठभेड़ में हत्या के दो मुख्य आरोपी सुंदरम सिंह उर्फ सत्या और राज सिंह उर्फ राजा के पैरों में गोली लगी, जबकि उनके दो साथी मऊ जिले के अनुज और अजय को भी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।


घटना की जानकारी के अनुसार, 14 फरवरी को संवरा चट्टी स्थित देसी शराब ठेके के समीप शराब पीने के विवाद में बदमाशों ने गुरगुजपुर निवासी 40 वर्षीय सत्यप्रकाश को चाकू से गोद-गोदकर मौत के घाट उतार दिया था। पुरानी रंजिश को लेकर हुई इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बलिया-मऊ राजमार्ग पर चक्का जाम कर दिया था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
रविवार की भोर में नवापुरा मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध बदमाशों की टोली दिखी। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जिसमें सुंदरम सिंह और राज सिंह घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगी है। भागने वाले अन्य दो साथियों को भी पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने कबूल किया कि वे ही सत्यप्रकाश हत्याकांड के मुख्य आरोपी हैं। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल चाकू, दो मोटरसाइकिलें और .315 तथा .303 बोर के तीन अवैध तमंचे बरामद किए हैं। घायल आरोपियों का इलाज सदर अस्पताल बलिया में चल रहा है, जबकि उनकी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
एसपी बलिया के निर्देशन में हुई इस त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों को साफ संदेश देती है कि बलिया जिले में कानून का राज कायम है और कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा।

