ट्रांसफॉर्मर फटने से मचा हड़कंप
लाखों का नुकसान
वाराणसी (जनवार्ता)। नाटी इमली-रामकटोरा मार्ग पर स्थित इलेक्सि अपार्टमेंट (लाल बिल्डिंग) में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे एक ट्रांसफॉर्मर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि एक ट्रांसफॉर्मर में जोरदार धमाका हुआ और उसकी चपेट में आकर बाकी तीन ट्रांसफॉर्मर भी जल उठे। इस घटना से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई और अपार्टमेंट के निवासियों में दहशत फैल गई।

बिजली विभाग के अनुसार अपार्टमेंट परिसर में कुल चार ट्रांसफॉर्मर लगे हुए थे, जिनमें से दो प्लिंथ पर और दो पोल पर स्थापित थे। आग लगने के बाद एक ट्रांसफॉर्मर जमीन पर गिर पड़ा जबकि दूसरा पोल पर लटकता रहा। केबलें और मीटर पूरी तरह जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, लेकिन देर शाम तक अपार्टमेंट में बिजली न होने से अंधेरा छाया रहा।
सौभाग्य से हादसे के वक्त ट्रांसफॉर्मर के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। अपार्टमेंट का मुख्य प्रवेश द्वार घटनास्थल से 100 से 150 मीटर दूर है, जिस कारण किसी बड़े हादसे से बचा जा सका। अपार्टमेंट में एक कमर्शियल भवन है और पीछे की ओर 36 आवासीय फ्लैट बने हुए हैं, जहां परिवार रहते हैं।
लहुराबीर उपकेंद्र के एसडीओ अनिल सिंह ने बताया कि एक महीने पहले इलाके में फॉल्ट आने पर चौकाघाट उपकेंद्र की टीम ने अपार्टमेंट सोसायटी को ट्रांसफॉर्मर का नियमित रखरखाव न करने के लिए चेतावनी दी थी। रखरखाव की कमी ही इस हादसे की मुख्य वजह बनी।
अधिकांश मीटर जलने से रीडिंग लेना चुनौतीपूर्ण हो गया है। एसडीओ के अनुसार लैब टेस्ट के माध्यम से बिजली खपत का आकलन किया जाएगा। आग से करीब दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जिसमें दो ट्रांसफॉर्मर सहित अन्य उपकरण शामिल हैं। बिजली विभाग ने सोसायटी को नुकसान की सूची सौंप दी है और नए मीटर लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
यह घटना बिजली उपकरणों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों की कमी को एक बार फिर उजागर करती है। स्थानीय निवासी अब बिजली की बहाली और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

