मिर्जामुराद : धोखेबाज प्रेमी की दूसरी शादी का खुलासा
थाने में घंटों चली पंचायत
वाराणसी (जनवार्ता) । प्रेम प्रसंग में धोखे की एक और दर्दनाक कहानी सामने आई है। सात साल पुराने रिश्ते और मंदिर में हुए ‘विवाह’ के बावजूद प्रेमी ने दूसरी शादी कर ली। प्रेमिका को दिल्ली में छोड़कर भागा, लेकिन युवती ने सीधे उसके घर पहुंचकर हाई-वोल्टेज ड्रामा कर दिया। प्रेमी की पत्नी ने थप्पड़ मारा, घर से बाहर निकाला, तो युवती गेट पर बैठकर रोने लगी। भीड़ जुट गई, पुलिस थाने ले गई जहां परिवार और परिजनों के बीच घंटों बहस चली।

मामले के अनुसार, मिर्जामुराद की एक युवती और स्थानीय युवक के बीच करीब सात वर्षों से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के घर आना-जाना करते थे। लगभग एक साल पहले वाराणसी के एक मंदिर में उन्होंने ‘विवाह’ भी किया, लेकिन परिवार की सहमति न मिलने से साथ नहीं रह सके। बीच-बीच में मिलते रहते थे।
युवती का आरोप है कि इसी दौरान प्रेमी ने पिछले साल बिना बताए दूसरी शादी कर ली। विरोध करने पर उसने युवती को भी साथ रखने का वादा किया। हाल ही में प्रेमी चेन्नई से दिल्ली आया और युवती को बुलाया। युवती दिल्ली पहुंची और चार दिन साथ रही। लेकिन प्रेमी बहाना बनाकर बिना बताए घर लौट आया और संपर्क बंद कर दिया।
बुधवार सुबह युवती दिल्ली से सीधे प्रेमी के घर पहुंची और साथ रहने की जिद पर अड़ गई। इस दौरान प्रेमी की पत्नी ने उसे थप्पड़ मारकर घर से बाहर कर दिया। युवती घर के गेट पर बैठकर रोने लगी, जिससे आसपास भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर समझाइश दी। थाने में घंटों पंचायत चली।
युवती के परिजनों ने उसे घर लेने से साफ इनकार कर दिया और कहा, “जिसके साथ गई थी, उसी के साथ रहे।” पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से बातचीत कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है, लेकिन प्रेमी पर धोखाधड़ी और युवती पर घरेलू विवाद का मामला बन सकता है।

