बहराइच में होली से पहलेआंगन में बिछीं लाशें
बेटे ने कुल्हाड़ी से मां-बाप, दादी-बहन समेत 4 की ली जान
बहराइच (रुपईडीहा) । जिले में होली के ठीक पहले एक परिवार पर मौत का तांडव टूट पड़ा। रुपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदल (मजरा रामनगर) गांव में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे एक युवक ने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से अपने ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों में माता-पिता, दादी और बहन शामिल हैं, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घर के आंगन और कमरों में खून से लथपथ लाशें बिछी मिलीं, जिसने मौके पर पहुंची पुलिस को भी सिहरन में डाल दिया।

मृतकों की पहचान बडलूराम (62), उनकी पत्नी संजू देवी (60), मां शिताला (82) और बेटी पार्वती (20) के रूप में हुई है। घटना के दौरान घर में मौजूद एक मासूम बच्चा ही सुरक्षित बचा, जिसे पुलिस ने तुरंत अपनी सुरक्षा में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी निरंकार (30) ने जमीन बिक्री और पैसों के बंटवारे को लेकर चली मामूली कहासुनी को हिंसक रूप देते हुए घर में रखी कुल्हाड़ी से सोते हुए परिजनों पर ताबड़तोड़ वार किए। जब बड़ा भाई गुरुदेव (40) बचाने पहुंचा, तो उसे भी सिर पर गंभीर चोटें आईं। निरंकार खुद भी घायल है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। एसपी राम नयन सिंह और एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी सहित भारी पुलिस बल और पीएसी की टीमें रातोंरात मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने घर के बाहर झाड़ियों से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद की है, जिसे हथियार के तौर पर जब्त कर लिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि परिवार में लंबे समय से संपत्ति और पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी गहरे मानसिक तनाव में था। जांच में घायलों के बयान के बाद पूरी साजिश साफ होने की उम्मीद है। तनाव फैलने से रोकने के लिए पूरे गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

