वाराणसी : गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से एल्यूमिनियम गटर चोरी का प्रयास नाकाम, तीन आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता) : वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से एल्यूमिनियम गटर चुराने की कोशिश को सुरक्षा गार्डों की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। इस घटना में तीन युवकों को पकड़ा गया है, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार की रात करीब 12:30 बजे हुई। स्टेडियम में तैनात सिक्योरिटी सुपरवाइजर मनोज कुमार सिंह ने सूचना दी कि तीन-चार संदिग्ध व्यक्ति स्टेडियम की बाउंड्री फांदकर अंदर घुसे और वहां से एल्यूमिनियम गटर निकालकर बाहर फेंकने लगे।
आरोपियों ने रात में गटर निकालकर बाहर फेंक दिए और मौके से चले गए। इसके बाद भोर में करीब 4:30 बजे वे मोटरसाइकिल (यूपी 65 बीवाई 4556) से दोबारा पहुंचे, ताकि फेंके गए गटरों को लादकर ले जा सकें। लेकिन सुरक्षा गार्ड पहले से सतर्क थे। जैसे ही आरोपी गटर ले जाने का प्रयास करने लगे, गार्डों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पकड़े गए आरोपियों में संदीप राजभर, आजाद राजभर और मुकेश राजभर शामिल हैं, जो ग्राम हरपुर, थाना मिर्जामुराद, जनपद वाराणसी के निवासी हैं। इनके कब्जे से चार एल्यूमिनियम गटर और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में मित्र हैं और उन्होंने मिलकर स्टेडियम से गटर चोरी करने की योजना बनाई थी। रात में बाउंड्री फांदकर अंदर घुसे, गटर निकालकर बाहर फेंके और सुबह ले जाने का इरादा था। लेकिन सुरक्षा गार्डों की तत्परता से उनका प्लान फेल हो गया।
जंसा थाना पुलिस ने सिक्योरिटी सुपरवाइजर की तहरीर पर अपराध संख्या 0039/2026 दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा गार्डों की सजगता के कारण बड़ी मात्रा में सामान चोरी होने से बच गया। शहर में निर्माणाधीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं, खासकर गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जैसी परियोजनाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

