बरहन गांव में 30 लाख की लागत से भव्य दुर्गा मंदिर तैयार, 20 मार्च को निकलेगी कलश यात्रा
सीवान (जनवार्ता) |सदर प्रखंड के बरहन गोपाल गांव में इन दिनों पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है। करीब 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित भव्य माँ दुर्गा मंदिर बनकर तैयार हो चुका है, जो अब श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।
मंदिर में माँ दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा एवं विधिवत उद्घाटन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है, वहीं रंग-रोगन और साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में है।
ग्रामीणों के अनुसार, 20 मार्च को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस यात्रा में हाथी-घोड़े शामिल होंगे और बड़ी संख्या में महिलाएं व युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर गांव का भ्रमण करेंगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बनाएंगे।
कलश यात्रा के साथ ही वेदी पूजन, मंडप पूजन, हवन सहित विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों की शुरुआत होगी। इसके बाद मंदिर परिसर में रासलीला और रामलीला का आयोजन किया जाएगा। साथ ही भजन-कीर्तन और रामधुन के कार्यक्रमों से क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना रहेगा।
माँ दुर्गा की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराने के लिए वाराणसी से विद्वान आचार्य दुर्गेश कुमार चौबे को आमंत्रित किया गया है, जो अष्ट दिवसीय विशेष पूजा-अर्चना कराएंगे।
इस आयोजन को सफल बनाने में ग्राम प्रधान संतोष यादव सहित कई ग्रामीण सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोग इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने की तैयारी में लगे हैं।


