11वीं के आधे छात्र फेल, अभिभावकों का संत अतुलानंद स्कूल पर प्रदर्शन

11वीं के आधे छात्र फेल, अभिभावकों का संत अतुलानंद स्कूल पर प्रदर्शन

वाराणसी (जनवार्ता)। होलापुर स्थित संत अतुलानंद स्कूल में कक्षा 11वीं के वार्षिक परीक्षा परिणाम को लेकर तनावपूर्ण माहौल बन गया है। आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स तीनों संकायों में लगभग आधे छात्र-छात्राएं अनुत्तीर्ण घोषित किए जाने से अभिभावक नाराज हैं।

rajeshswari

परिणाम आने के तुरंत बाद बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ स्कूल परिसर पहुंच गए और उन्होंने कंपार्टमेंटल (पुनर्परीक्षा) कराने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभिभावकों का कहना है कि एक साथ इतने बड़े पैमाने पर छात्रों को फेल करना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि फेल विषयों में छात्रों को सुधार का एक और मौका दिया जाए, ताकि वे अगली कक्षा में प्रोन्नत हो सकें।

स्कूल प्रबंधन ने अपना पक्ष स्पष्ट करते हुए कहा कि अधिकांश अनुत्तीर्ण छात्र दो या दो से अधिक विषयों में फेल हैं। बोर्ड और विद्यालय के नियमों के अनुसार ऐसे छात्रों को कंपार्टमेंटल परीक्षा का लाभ नहीं दिया जा सकता। इसलिए उन्हें “एसेंशियल रिपीट” के तहत कक्षा 11वीं में ही दोबारा पढ़ना होगा।

सुबह से ही स्कूल परिसर में अभिभावकों की भीड़ जमा है। वे लगातार प्रबंधन से बातचीत कर रहे हैं और समाधान की मांग कर रहे हैं। एक अभिभावक ने कहा, “बच्चे पूरे साल मेहनत करते हैं, एक परीक्षा में दो-तीन विषय फेल होने से उनका पूरा साल बर्बाद हो जाएगा। प्रबंधन को लचीला रवैया अपनाना चाहिए।”

विद्यालय प्रशासन ने अभी तक कोई आधिकारिक लिखित बयान जारी नहीं किया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है। मामले के सुलझने पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

इसे भी पढ़े   दशाश्वमेध घाट पर नववर्ष उत्सव, गंगा आरती ने भव्य स्वरूप लिया

इस घटना ने स्थानीय स्तर पर शिक्षा व्यवस्था और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर चर्चा छेड़ दी है। अभिभावक संगठन अब जिला शिक्षा अधिकारी से हस्तक्षेप की अपील करने की तैयारी में हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *