रिड्यूस ट्रैफिक कंजेशन स्कीम के तहत सड़क पर उतरे रूट मार्शल, हटवाया अतिक्रमण
वाराणसी, (जनवार्ता)।
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और जाममुक्त बनाने के उद्देश्य से लागू रिड्यूस ट्रैफिक कंजेशन स्कीम के तहत गुरुवार को पुलिस आयुक्त के निर्देश पर तैनात रूट मार्शल और संबंधित थानाध्यक्ष सड़क पर उतरे। शहर के 10 प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और अनियमित यातायात पर कार्रवाई की गई।

आशापुर से चौकाघाट मार्ग पर हुकुलगंज क्षेत्र में ट्रैफिक इंस्पेक्टर अमित सिंह तथा लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान सवारी वाहन चालकों को योजना की जानकारी दी गई और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई, वहीं मार्ग पर बाधा बने अतिक्रमण को भी हटवाया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों और दुकानदारों को चेतावनी दी कि दोबारा नियमों का उल्लंघन मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

