वाराणसी के दालमंडी में बनेगी पहली स्मार्ट सड़क

वाराणसी के दालमंडी में बनेगी पहली स्मार्ट सड़क

फुटपाथ-ग्रीनरी से लेकर अंडरग्राउंड होंगी सभी सुविधाएं

वाराणसी  (जनवार्ता)। काशी विश्वनाथ धाम के गेट-4 तक पहुंच को सुगम बनाने के लिए दालमंडी में 650 मीटर लंबी और करीब 17.5 मीटर चौड़ी स्मार्ट सड़क का निर्माण किया जा रहा है। करीब ₹224 करोड़ की लागत वाली यह परियोजना शहर की सबसे हाईटेक सड़कों में शामिल होगी। सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है और इसे श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या तथा यातायात दबाव को देखते हुए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
इस स्मार्ट सड़क की सबसे बड़ी खासियत दोनों तरफ 3.2 मीटर चौड़े फुटपाथ होंगे, जिनसे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आरामदायक पैदल मार्ग मिलेगा। फुटपाथ के साथ हेरिटेज लाइट्स, डिवाइडर, हरियाली, पेड़-पौधे और बैठने के लिए बेंच भी लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र का स्वरूप आधुनिक होने के साथ काशी की सांस्कृतिक पहचान भी बरकरार रहेगी।
सड़क को “स्मार्ट” बनाने के लिए इसके नीचे पानी, सीवर, गैस, PNG, बिजली, HT लाइन, ऑप्टिकल फाइबर और अन्य यूटिलिटी डक्ट पहले से डाले जाएंगे। इससे भविष्य में किसी भी नई सुविधा या मरम्मत के लिए सड़क की दोबारा खुदाई नहीं करनी पड़ेगी। यह व्यवस्था वाराणसी में अपने तरह की पहली परियोजना मानी जा रही है।
इसके अलावा पूरी सड़क वाई-फाई, CCTV कैमरों, आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग और निगरानी सिस्टम से लैस होगी। इसका उद्देश्य विश्वनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को भीड़ और जाम से राहत देना है, साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना भी है।
फिलहाल चौड़ीकरण के लिए भवनों की रजिस्ट्री और ध्वस्तीकरण का कार्य तेजी से जारी है। अब तक 47 से अधिक भवन खरीदे जा चुके हैं और कई हिस्सों में तोड़फोड़ का काम पूरा हो चुका है। प्रशासन का लक्ष्य है कि मई के अंत तक ध्वस्तीकरण पूरा कर जून से सड़क निर्माण शुरू कर दिया जाए।
यह परियोजना पूरी होने के बाद दालमंडी न सिर्फ यातायात के लिहाज से सुगम बनेगी, बल्कि काशी विश्वनाथ धाम तक पहुंचने वाला यह मार्ग शहर की आधुनिक पहचान का नया प्रतीक भी बनेगा।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   महिला की निजी तस्वीरें वायरल करने में पति पर आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *