दो बेटियों के पिता ने पहली पत्नी के रहते रचाया दूसरा विवाह
वाराणसी (जनवार्ता): पहली पत्नी और दो मासूम बेटियों के होते हुए दूसरा विवाह करने वाले मंगल प्रजापति को महिला संगठन ‘नारी प्रकृति रक्षा सेना’ की संचालिका ने पांडेयपुर से पकड़कर लालपुर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस अब इस मामले में कानूनी कार्यवाही कर रही है।

भदोही निवासी संगीता देवी की 10 वर्ष और 6 वर्ष की दो बेटियां मंगल प्रजापति से हैं। मंगल बाहर मजदूरी करता है, लेकिन लंबे समय से पत्नी संगीता से संपर्क नहीं रख रहा था। संगीता दोनों बेटियों के साथ ससुराल में रहती है।
शुक्रवार को महिला संगठन की संचालिका ने मंगल प्रजापति को पांडेयपुर में एक अन्य महिला के साथ देखा। उन्होंने संगीता से पूछताछ की, जिस पर संगीता ने संचालिका से पति को रोकने की अपील की। जब संगीता पहुंची और दूसरी महिला (कुसुम) से पूछताछ की तो उसने नोटरीयल विवाह प्रमाण-पत्र दिखाते हुए दावा किया कि उसने कुसुम से शादी कर ली है।
इस पर संगीता रोने-चिल्लाने लगी, तो मंगल प्रजापति ने मारपीट शुरू कर दी। जब महिला संगठन की संचालिका ने विरोध किया तो उन पर भी हाथापाई की गई। अंत में संगठन की टीम ने मंगल को पकड़कर लालपुर पुलिस को सौंप दिया, जहां उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जा रही है।

