वाराणसी : पेंशनर्स की मासिक बैठक में वैलिडेशन ऐक्ट 2025 का कड़ा विरोध
वाराणसी (जनवार्ता) । पेंशनर्स कल्याण संस्था की शाखा-वाराणसी की मासिक बैठक रविवार को सुबह बजे डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ भवन पीडब्ल्यूडी वाराणसी में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इंजी. एस.डी. मिश्र ने की जबकि संचालन जिलामंत्री अवध नारायण पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर संस्था के प्रांतीय संरक्षक इंजी. शमसुल आरेफिन तथा जनपदीय संरक्षक आर.पी. मिश्र उपस्थित रहे।

बैठक में सबसे पहले नए सदस्यों का परिचय कराया गया। इसके बाद अप्रैल माह में जन्मदिन मनाने वाले पेंशनर्स का जन्मदिन मिष्ठान खिलाकर हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। तत्पश्चात जिलामंत्री द्वारा पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई गई जिसकी सर्वसम्मति से पुष्टि की गई।
बैठक में वक्ताओं ने वैलिडेशन ऐक्ट 2025 का कड़ा विरोध व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि गत 25 मार्च 2025 को पूरे प्रदेश में जॉइंट पेंशनर्स वेलफेयर कमिटी के बैनर तले पेंशनरों ने काला दिवस मनाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा था। इससे पहले भी दो ज्ञापन विभिन्न तिथियों पर भेजे जा चुके हैं किंतु केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया गया। साथ ही 11 सूत्रीय मांग-पत्र लंबे समय से लंबित पड़ा हुआ है जिससे पेंशनरों में काफी आक्रोश है।
पेंशनरों ने बैठक में निर्णय लिया कि यदि केंद्र सरकार वैलिडेशन ऐक्ट 2025 वापस नहीं लेती तथा केंद्र और राज्य सरकार द्वारा पेंशनरी की लंबित मांगें शीघ्र पूरी नहीं की जातीं तो आगामी चुनावों में मतदान करते समय समस्त पेंशनर केंद्र और राज्य सरकार के इस मनमानी पूर्ण कृत्य को ध्यान में अवश्य रखेंगे।
बैठक को डी.एल. श्रीवास्तव, हीरालाल, डॉ. परमहंस मिश्र, इंजी. हीरालाल प्रसाद, डॉ. सुधाकर मिश्र, एस.एन. मणि, अमरदेव, प्रभाकर दुबे, शिव प्रकाश, वी.एन. त्रिपाठी, दयाशंकर सिंह यादव, लल्लन सिंह, नागेन्द्र सिंह, यू.पी. सिंह, राकेश मोहन पाण्डेय, रामजग, रामचन्द्र गुप्ता तथा श्रीमती शैलकुमारी आदि ने संबोधित किया।
यह बैठक पेंशनरों के बीच एकजुटता बनाए रखने और अपनी लंबित मांगों पर दबाव बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

