केमिकल से भरा मिनी ट्रक बना आग का गोला, ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
अजमेर, (जनवार्ता)।
अजमेर के श्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित कानाखेड़ी में शनिवार सुबह केमिकल से भरे एक मिनी ट्रक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। हालांकि चालक की तत्परता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।


जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। मिनी ट्रक मुंबई से बैटरी में उपयोग होने वाले एसिड के ड्रम लेकर बहरोड़ की ओर जा रहा था। रास्ते में चालक परेश रावल और उसका साथी कानाखेड़ी के पास एक रेस्टोरेंट पर चाय पीने के लिए रुके। उन्होंने ट्रक को सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़ा कर दिया।
इसी दौरान चालक की नजर ट्रक से उठते धुएं पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए वह तुरंत दौड़कर वाहन के पास पहुंचा और जलते ट्रक को स्टार्ट कर आबादी वाले क्षेत्र से करीब 100 मीटर दूर खाली स्थान पर ले जाकर खड़ा कर दिया। चालक की इस सतर्कता से आसपास मौजूद लोगों और दुकानों को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक में रखे एसिड के ड्रम भी इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली।
सूचना मिलते ही श्रीनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
थाना प्रभारी पारुल यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

