रुड़की में स्पेयर पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, इंजन ऑयल से तेजी से भड़की लपटें
बीएसएम डिग्री कॉलेज के पास हुई घटना, दमकलकर्मियों ने शटर तोड़कर पाया आग पर काबू
रुड़की, (जनवार्ता)।
शहर के बीएसएम डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में रविवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई।
दुकान के भीतर रखे इंजन ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। घना धुआं और ऊंची उठती लपटों को देखकर आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। धुएं और तेज लपटों के बीच उन्हें दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा, जिसके बाद काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही रुड़की के विनय विशाल अस्पताल में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरे दिन आग की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा है।

