वाराणसी होटल में भीषण आग, चार भर्ती
वाराणसी, (जनवार्ता)। नई सड़क स्थित होटल एचएम इंटरनेशनल में रविवार देर रात करीब 2:40 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय कई लोग कमरों में सो रहे थे, लेकिन राहत और बचाव टीम की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।


आग तेजी से फैलने पर कई लोग होटल के भीतर फंस गए और धुएं से दम घुटने जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन कर्मियों ने अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
मौके पर पहुंचे एसीपी अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद होगी।
हादसे में चार लोग झुलस गए, जिनमें से दो को मंडलीय अस्पताल और दो को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घायलों में रेवाड़ी निवासी प्रदीप कुमार, उनकी पत्नी मंजीत, बच्चे शिवाय और शानवी, तथा मुंबई निवासी साहिल शामिल हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने होटल की फायर सेफ्टी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। प्रशासन ने जांच के लिए टीम गठित कर दी है, जबकि होटल प्रबंधन ने सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा का आश्वासन दिया है।

