लॉटरी का झांसा देकर पुजारी से ₹6.40 लाख ठगे, तीन गिरफ्तार
वाराणसी, (जनवार्ता)। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र स्थित एक धार्मिक स्थल के पुजारी को अंतरराष्ट्रीय लॉटरी में एक करोड़ रुपये का इनाम दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने ₹6.40 लाख की ठगी कर ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ₹3.50 लाख नकद, मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, फरवरी 2026 में पुजारी के मोबाइल पर एक फर्जी संदेश आया, जिसमें बताया गया कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय लॉटरी में एक करोड़ रुपये जीते हैं। ठगों ने सबसे पहले प्रोसेसिंग फीस के नाम पर ₹25 हजार जमा कराए। इसके बाद टैक्स, सत्यापन और ट्रांजेक्शन चार्ज जैसे बहाने बनाकर उनसे लगातार रकम मंगाई जाती रही। इस तरह कुल ₹6.40 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
जब काफी रकम जमा कराने के बाद पुजारी को संदेह हुआ, तो उन्होंने विश्वनाथ मंदिर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी जांच में पता चला कि ठगी की रकम कई बैंक खातों के जरिए घुमाई गई, जिनमें मुख्य खाते लखनऊ और कानपुर से जुड़े पाए गए।
इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस टीम ने लखनऊ में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान राहुल कुमार (28), मोहम्मद आसिफ (25) और संजय सिंह (32) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, इनमें से दो आरोपी पहले भी साइबर ठगी के मामलों में वांछित रहे हैं।
फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों की गहन जांच कर रही है।

