लखनऊ में सियासी बवाल: मेयर के बयान पर सपा का प्रदर्शन, नेम प्लेट पर चप्पल से प्रहार
लखनऊ, (जनवार्त)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया जब समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने लखनऊ नगर निगम की मेयर सुषमा खर्कवाल के कैंप कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मेयर की नेम प्लेट पर चप्पल से प्रहार कर विरोध जताया।

सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मेयर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की दिवंगत मां को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। इसके विरोध में कार्यकर्ता सीधे कैंप कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करने लगे।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति और उग्र हो गई। कुछ कार्यकर्ताओं ने नेम प्लेट पर कालिख पोतने की कोशिश की, जबकि एक स्थानीय नेता द्वारा पेन से उस पर निशान बनाए जाने के बाद उसे चप्पलों से पीटा गया। घटना की जानकारी मिलते ही कार्यालय के कर्मचारी बाहर आए, लेकिन तब तक प्रदर्शनकारी मौके से जा चुके थे। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
इस मामले में पुलिस ने मेयर से शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध किया, हालांकि सुषमा खर्कवाल ने फिलहाल एफआईआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि आगे की कार्रवाई पार्टी स्तर पर तय की जाएगी।
विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए मेयर ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके भाषण को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है और उन्होंने किसी की मां का नाम नहीं लिया। उनके अनुसार उनका बयान केवल महिलाओं के सम्मान के संदर्भ में था।
इससे पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर मेयर पर उनकी मां को लेकर टिप्पणी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने इसे महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए बयान की कड़ी निंदा की।
गौरतलब है कि एक दिन पहले भाजपा द्वारा महिला आरक्षण के मुद्दे पर लखनऊ में जनाक्रोश मार्च निकाला गया था, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। इसके बाद से प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए हैं।

