डीजल-पेट्रोल महंगा, वाराणसी में माल भाड़ा 20 फीसदी बढ़ा

डीजल-पेट्रोल महंगा, वाराणसी में माल भाड़ा 20 फीसदी बढ़ा

वाराणसी (जनवार्ता)। डीजल और पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब माल ढुलाई पर भी दिखने लगा है। वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने एक जून 2026 से माल ढुलाई भाड़े में 20 प्रतिशत वृद्धि करने का निर्णय लिया है। यह फैसला गुरुवार को आयोजित एसोसिएशन की सार्वजनिक बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने की। इस दौरान महामंत्री अभिषेक कुमार मिश्रा समेत कार्यकारिणी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
अध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि से मालवाहक वाहनों का संचालन प्रभावित हो रहा है। ट्रांसपोर्टरों को बढ़ती लागत के कारण भारी आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वाराणसी की किराना और थोक मंडियों से पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में प्रतिदिन बड़े पैमाने पर माल भेजा जाता है। मौजूदा परिस्थितियों में संचालन लागत को संतुलित रखने के लिए भाड़ा बढ़ाना जरूरी हो गया था।
महामंत्री अभिषेक कुमार मिश्रा ने बताया कि नई दरें एक जून से लागू होंगी। इसका असर वाराणसी से गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही, चंदौली और सोनभद्र समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में भेजे जाने वाले माल पर पड़ेगा। संशोधित भाड़ा सूची 30 मई तक सभी ट्रांसपोर्ट कार्यालयों में उपलब्ध करा दी जाएगी।
भाड़े में वृद्धि का असर व्यापारियों और उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है। ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से व्यापारियों को सामान की कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ सकती है। ऐसे में दैनिक उपयोग की वस्तुएं महंगी होने की आशंका जताई जा रही है।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने सरकार से ईंधन कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। एसोसिएशन का कहना है कि बढ़ती लागत के बीच ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को स्थिर बनाए रखने के लिए यह फैसला आवश्यक था।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   बिजली विभाग के संविदाकर्मी ने नशे की हालत में कुएं में छलांग लगाकर दी जान
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *