योगी के जन्मदिन पर प्रदेशभर में आयोजन, वाराणसी में 54 किलो लड्डू का केक काटा
वाराणसी (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 54वां जन्मदिन शुक्रवार को पूरे प्रदेश में उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न जिलों में समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना, पौधरोपण तथा सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
संभल में मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर विशेष पूजा-अर्चना की गई और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु के लिए प्रार्थना की गई। वहीं वाराणसी में जन्मोत्सव को विशेष रूप से मनाया गया। यहां 51 फीट ऊंचे वरद आंजनेय हनुमान मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में 54 किलोग्राम लड्डू से बने केक का कटिंग समारोह हुआ।

इस अवसर पर 54 पौधे भी लगाए गए। इनमें तुलसी, बरगद, नीम और सिंदूर के पौधे शामिल रहे, जिन्हें भगवान हनुमान को प्रिय माना जाता है। कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ और सफल जीवन की कामना करते हुए हनुमान जी से प्रार्थना की। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए।

