शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सिलेंडर फटने से मची अफरातफरी; लाखों का सामान राख
वाराणसी (जनवार्ता)। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा कोनाद्वार में गुरुवार देर रात शॉर्ट सर्किट से एक मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से रसोई में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना में लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय शीतल प्रसाद के पुत्र मुरारी लाल साहू का परिवार दर्शन-पूजन के लिए घर से बाहर गया हुआ था। रात करीब 10:15 बजे अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद मकान के प्रथम और तृतीय तल से आग की लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लल्लापुरा पुलिस चौकी प्रभारी शिवम मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। क्षेत्र की सकरी गलियों के कारण फायर ब्रिगेड को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा, जिससे आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि देर रात लगभग 12:10 बजे आग दोबारा भड़क उठी, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर पुनः बचाव अभियान चलाया गया। इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्रथम तल स्थित रसोई में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी, जिससे गैस सिलेंडर फट गया।
सोनिया क्षेत्र स्थित इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल रहा। पुलिस और अग्निशमन विभाग ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। प्रशासन ने आग लगने के कारणों और हुए नुकसान की जांच शुरू कर दी है।

