छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत के बाद पीड़िता पर ही मुकदमा
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरिपुर (पोस्ट कनियर) की निवासी एक महिला ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि छेड़छाड़ और मारपीट की शिकायत देने के बावजूद आरोपितों पर कार्रवाई नहीं की गई, जबकि उनके और उनके दो नाबालिग बच्चों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

पीड़िता चिंता देवी के अनुसार 4 जून को सुबह करीब 10:30 बजे गांव के कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया तथा उनके नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट की। महिला ने आरोप लगाया कि शंकर, श्यामराज, इंदल और इंद्रजीत नामक व्यक्तियों ने घटना को अंजाम दिया।
चिंता देवी ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बड़ागांव थाने ले गई। वहां उन्होंने आरोपितों के खिलाफ लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने आरोपित पक्ष के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की। इसके विपरीत उनके और उनके दो नाबालिग बच्चों के खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज कर ली गई, जिससे पूरा परिवार सदमे में है।
महिला और उनके परिजनों ने शुक्रवार को मामले की शिकायत एसीपी बड़ागांव से करते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई एकतरफा प्रतीत होती है और उनके पक्ष को गंभीरता से नहीं सुना गया।
फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। वहीं, एसीपी स्तर पर शिकायत पहुंचने के बाद अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद पुलिस क्या कदम उठाती है।

