एक फीसदी कमीशन के लालच में दिया बैंक खाता

एक फीसदी कमीशन के लालच में दिया बैंक खाता

1.88 करोड़ की साइबर ठगी का बना जरिया

वाराणसी  (जनवार्ता)। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘CY-VAZRA’ के तहत थाना चौक पुलिस और साइबर क्राइम सेल ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 1.88 करोड़ की साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए एक म्यूल अकाउंट का खुलासा किया है।

rajeshswari

मामले में बुलानाला निवासी विपुल कुमार अग्रवाल, जो एस.एम. एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर हैं, के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने महज एक फीसदी कमीशन के लालच में अपना करंट बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करा दिया था। साइबर अपराधियों ने इस खाते के जरिए पिछले तीन महीनों में लगभग 1.88 करोड़ की ठगी की राशि का लेन-देन किया।

राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर जांच के दौरान इस खाते से जुड़े देश के विभिन्न राज्यों में 16 साइबर फ्रॉड की शिकायतें सामने आई हैं, जिनकी जांच संबंधित एजेंसियों द्वारा की जा रही है।

चौक पुलिस ने आरोपी विपुल कुमार अग्रवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्यवाही में चौक इंस्पेक्टर दिलीप कुमार मिश्रा, साइबर क्राइम सेल प्रभारी मनोज कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक सौरभ शाही समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी में प्रयुक्त म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, ATM कार्ड, नेट बैंकिंग डिटेल्स या UPI आईडी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

इसे भी पढ़े   विश्वनाथ धाम से दशाश्वमेध घाट तक बनेगा पाथवे, 10-15 मिनट में पहुंचे सकेंगे श्रद्धालु
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *