वाराणसी में युवक कोरोना संक्रमित, बीएचयू में भर्ती
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण का नया मामला सामने आया है। वाराणसी के आशापुर निवासी 27 वर्षीय युवक की कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसका उपचार चल रहा है।

डॉक्टरों के अनुसार युवक कई दिनों से सांस लेने में तकलीफ से परेशान था। चेस्ट एंड टीबी विभाग में जांच के दौरान उसकी कोविड जांच कराई गई, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
चिकित्सकों का कहना है कि कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब काफी धीमी है, लेकिन वायरस पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। बीएचयू में हर महीने एक-दो मरीज कोविड पॉजिटिव मिल रहे हैं, जिससे संक्रमण के बने रहने का संकेत मिलता है।
आईएमएस-बीएचयू के पूर्व डीन (रिसर्च) प्रो. गोपालनाथ ने बताया कि वैक्सीनेशन और प्राकृतिक संक्रमण के कारण अधिकांश लोगों में प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो चुकी है। हालांकि बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है।

