तीनपानी फ्लाईओवर हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच
नैनीताल। हल्द्वानी के गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर 11 जुलाई को हुए भीषण सड़क हादसे की मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई थी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अपर जिलाधिकारी (एडीएम) विवेक राय को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए दुर्घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और गहन जांच के निर्देश दिए हैं। उन्हें 21 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।
जांच रिपोर्ट में हादसे के वास्तविक कारणों के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हादसे के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


