अवैध पोस्टर-बैनर पर कार्रवाई
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम ने अवैध पोस्टर, बैनर, होर्डिंग और बिना अनुमति की गई वॉल पेंटिंग के खिलाफ अभियान चलाने का फैसला किया है। अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों से अवैध प्रचार सामग्री हटाकर जब्त की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि शहर की दीवारों को गंदा करने वाले पोस्टर, बैनर और होर्डिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने निजी, सामाजिक और व्यावसायिक संस्थाओं से तत्काल अपने स्तर पर अवैध प्रचार सामग्री हटाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में सामग्री नहीं हटाने पर नगर निगम उसे हटाकर खर्च संबंधित संस्था से वसूलेगा। जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर, बैनर या पेंटिंग लगाने से पहले नगर निगम से अनुमति लेना अनिवार्य है।

