रामनगर : पुलिस की मुठभेड़ गौ तस्कर के पैर में लगी गोली
गौवंश से भरा कंटेनर बरामद
वाराणसी (जनवार्ता) । रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान एक तस्कर के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से गौवंश से भरा एक कंटेनर भी बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में गौवंश भरकर वाराणसी के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर रामनगर थाना पुलिस ने विश्वसुंदरी पुल के नीचे हाईवे पर घेराबंदी कर कंटेनर को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि कंटेनर रुकवाने पर चालक ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों ओर से करीब चार राउंड फायरिंग हुई। जवाबी फायरिंग में एक तस्कर के पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद एजाज, निवासी बिहार, के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर उसमें मौजूद गौवंश को सुरक्षित कराया। प्रारंभिक जांच में आरोपी के पशु तस्करी से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं तथा मौके का नक्शा भी तैयार कराया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

