श्री अन्नपूर्णा मठ मंदिर में निःशुल्क सिलाई-कढ़ाई और कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ
वाराणसी (जनवार्ता)। श्री अन्नपूर्णा मठ मंदिर काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री अन्नपूर्णा निःशुल्क सिलाई-कढ़ाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुक्रवार को भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने महंत शंकर पुरी जी महाराज के सानिध्य में दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर महंत शंकर पुरी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं को निशुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि यहां सिलाई-कढ़ाई और कंप्यूटर का प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे महिलाएं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण केंद्र समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने ट्रस्ट के इस सामाजिक कार्य की प्रशंसा करते हुए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में प्रेम नारायण मीना, जनार्दन शर्मा, प्रदीप श्रीवास्तव, धीरेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

