वरुणा नदी में डूबे अधेड़ का मिला शव
वाराणसी (जनवार्ता) । लोहता थाना क्षेत्र के बेदौली गांव निवासी 50 वर्षीय विक्रम पाल का शव शनिवार को वरुणा नदी के इमलिया घाट, फुलवरिया के पास उतराया मिला। वह शुक्रवार को नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूब गए थे। घटना के बाद से एनडीआरएफ की टीम उनकी तलाश में जुटी थी।

जानकारी के अनुसार, विक्रम पाल के घर शुक्रवार को रुद्राभिषेक पूजन का आयोजन था। पूजन से पहले वह वरुणा नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वह डूब गए और लापता हो गए। सूचना के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने नदी में उनकी तलाश शुरू की थी।
शनिवार को इमलिया घाट के पास ग्रामीणों ने नदी में शव उतराया देखा और इसकी सूचना लोहता पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

