ट्रेन पर पत्थरबाजी करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी-प्रयागराज मेमो ट्रेन पर पत्थरबाजी करने के मामले में जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को पकड़ लिया। इनमें चार बालिग और दो नाबालिग शामिल हैं। बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

जीआरपी के अनुसार, शुक्रवार को भदोही जिले के अहिरमनपुर हॉल्ट के पास वाराणसी-प्रयागराज मेमो ट्रेन पर कुछ युवकों ने पत्थरबाजी की थी। बताया गया कि यात्रियों से विवाद के बाद युवकों ने ट्रेन पर पथराव किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम सक्रिय हुई।
वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान टीम ने छह युवकों को चिन्हित कर पकड़ लिया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद चार बालिग आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया, जबकि दो नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया।
मामले का खुलासा रविवार को वाराणसी जीआरपी थाने में किया गया। जीआरपी ने बताया कि ट्रेनों पर पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

