शराब तस्करी पर जीआरपी का शिकंजा*
वाराणसी (जनवार्ता)। जीआरपी कैंट वाराणसी पुलिस ने चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 96 क्वाटर अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 17.280 लीटर और अनुमानित कीमत करीब 11,520 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को जीआरपी कैंट वाराणसी की टीम ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्रयागराज की ओर जाने वाले नाम पट्टिका के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बोरी में अवैध शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित गुप्ता पुत्र मुन्नी लाल निवासी पूराहादी थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 24 वर्ष के रूप में हुई है। उसके पास से 48 क्वाटर 08 पीएम गोल्ड और 48 क्वाटर आफ्टर डार्क ब्लू रेयर ग्रेन व्हिस्की बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक शराब के परिवहन के लिए आरोपी के पास कोई वैध लाइसेंस या प्रपत्र नहीं था।
मामले में थाना जीआरपी कैंट वाराणसी पर मु0अ0सं0 261/2026, धारा 60 उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक आनंद कुमार यादव, कांस्टेबल सचिन कुमार और कांस्टेबल शमशेर यादव शामिल रहे।

