बरेका महिला कल्याण संगठन ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को किया सम्मानित
वाराणसी (जनवार्ता)। बरेका महिला कल्याण संगठन की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन की उपाध्यक्षा श्रीमती सरिता सिन्हा ने महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।


कार्यक्रम का संचालन संगठन की सचिव श्रीमती राखी गुप्ता ने किया। संयुक्त सचिव श्रीमती अनुजा खरे और वरिष्ठ कार्यकारी सदस्य श्रीमती अनुजा अग्रवाल ने शिक्षक दिवस के महत्व तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान शिक्षकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में उत्साह का माहौल बनाया।

महिला कल्याण संगठन की ओर से उपस्थित शिक्षकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों को उपाध्यक्षा श्रीमती सरिता सिन्हा ने उपहार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और योगदान की सराहना की।
समारोह में संगठन की वरिष्ठ कार्यकारी सदस्याओं श्रीमती अनुजा अग्रवाल, श्रीमती कल्पना चौधरी, श्रीमती सुनीता, श्रीमती लक्ष्मी चौधरी एवं श्रीमती पूजा मौर्य की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में संगठन द्वारा संचालित बाल निकेतन, चेतना विद्यालय, क्रेच, कम्प्यूटर सेंटर, पेंटिंग स्कूल और सिलाई सेंटर के शिक्षक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने सहभागिता की।
संयुक्त सचिव श्रीमती अनुजा खरे ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके अमूल्य योगदान, समर्पण और कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

