नाले के चौड़ीकरण से 200 घरों को मिली जलभराव से राहत

नाले के चौड़ीकरण से 200 घरों को मिली जलभराव से राहत

1.47 करोड़ रुपये की लागत से चल रहा निर्माण कार्य, स्थानीय लोगों ने काम जल्द पूरा करने की मांग उठाई

जम्मू। अंबेडकर नगर, त्रिकुटा नगर एक्सटेंशन और नानक नगर की गली नंबर 15 व 16 में नाले के चौड़ीकरण का काम शुरू होने से करीब 200 घरों को जलभराव से राहत मिली है। रविवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान पहले की तुलना में कम पानी भरने से लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय निवासियों के अनुसार, पहले बारिश में चार से पांच फीट तक पानी घरों में घुस जाता था, जबकि इस बार गलियों में जलभराव करीब एक फुट तक सीमित रहा।

rajeshswari


क्षेत्र में नाले के मुहाने से अवरोध हटाए जाने और निकासी में सुधार से पानी का बहाव बेहतर हुआ। इससे घरों में पानी घुसने और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचने का खतरा काफी हद तक कम हुआ। हालांकि, नाले का काम अभी अधूरा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के किनारों पर बने पक्के निर्माण और संकरी पुलिया पानी की निकासी में अब भी बाधा हैं। उनका मानना है कि नाले को गहरा करने और दोनों ओर मजबूत आरसीसी दीवारें बनाने के बाद ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा कराने की मांग की है।


पूर्व पार्षद अजय गुप्ता ने कहा कि बरसात के दौरान नाले में उफान आने से सैकड़ों परिवार प्रभावित होते थे। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद राहत मिलने लगी है। वहीं, स्थानीय निवासी कुलबीर सिंह ने कहा कि वर्षों से करीब 200 घरों के लोग इस समस्या से जूझ रहे थे और हर साल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। इस बार पानी की निकासी बेहतर होने से नुकसान कम हुआ है। उन्होंने काम लगातार जारी रखने की मांग की।
अधिकारियों के अनुसार, अंबेडकर नगर-त्रिकुटा नगर नाले का निर्माण कार्य जारी है। प्रीत नगर पुलिया के पास काम के दौरान पानी की निकासी प्रभावित नहीं हुई। अधिकारियों को उम्मीद है कि निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र में जलभराव की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। नाले के चौड़ीकरण पर 1.47 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़े   ज्ञानवापी विवाद में अब कल होगी SC में सुनवाई,हिंदू पक्ष के वकील की तबीयत खराब
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *