काशी विश्वनाथ धाम में कन्या पूजन
नवमी पर हवन, मां विशालाक्षी को भेजी शृंगार सामग्री
वाराणसी (जनवार्ता)। शारदीय नवरात्र की नवमी पर सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन और कन्या पूजन किया गया। मंदिर चौक में आयोजित अनुष्ठान में मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र यजमान के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान नवदुर्गा सप्तशती का पाठ कर मां भगवती की आराधना की गई। वहीं, शक्तिपीठ मां विशालाक्षी के लिए शृंगार सामग्री बाबा श्री विश्वेश्वर के समक्ष अवलोकित कराने के बाद उनके दरबार में भेजी गई। अनुष्ठान में जनकल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।


