वंदे मातरम् शिविर में गूंजा राष्ट्रवाद का संदेश
मंत्री रविंद्र जायसवाल ने युवाओं को किया प्रेरित
वाराणसी (जनवार्ता)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत युवा केंद्र, वाराणसी की ओर से संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोइरौजपुर में आयोजित सात दिवसीय भव्य वंदे मातरम् शिविर के पांचवें दिन उत्तर प्रदेश सरकार के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।


मंत्री रविंद्र जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश की रीढ़ हैं और काशी की पावन धरती सदैव सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय चेतना का केंद्र रही है। उन्होंने युवाओं से अपने भीतर नेतृत्व क्षमता को पहचानने और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की ऊर्जा और सहभागिता महत्वपूर्ण है।

इससे पहले 18 अक्टूबर को शिविर में प्रतिभाग करने वाले युवाओं के लिए विशेष शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने वाराणसी की ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक स्थलों और समृद्ध विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण जगहों का भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य युवाओं को काशी के इतिहास, कला, संस्कृति और जीवन मूल्यों से परिचित कराना था।
सात दिवसीय शिविर में विभिन्न राज्यों से आए 150 से अधिक युवा प्रतिभाग कर रहे हैं। शिविर के दौरान योग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, बौद्धिक सत्र और नेतृत्व विकास से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव, सांस्कृतिक एकता और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना है।

