काशी के आसमान में एयर शो का असर, रनवे पर थमीं उड़ानें

काशी के आसमान में एयर शो का असर, रनवे पर थमीं उड़ानें

यात्रियों को विमान से उतारा

वाराणसी (जनवार्ता) । काशी में भारतीय वायुसेना के एयर शो की रिहर्सल के चलते बुधवार को बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान सेवाएं प्रभावित हुईं। हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) से उड़ान भरने की अनुमति नहीं मिलने के कारण इंडिगो और एअर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानों को रोकना पड़ा। दोनों विमानों में यात्रियों की बोर्डिंग पूरी हो चुकी थी और लोग अपनी सीटों पर बैठ गए थे, लेकिन उड़ान की अनुमति नहीं मिलने पर उन्हें विमान से उतारकर टर्मिनल में वापस भेज दिया गया।

rajeshswari

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 6044 को वाराणसी से चेन्नई जाना था। इस विमान में 183 यात्री सवार हो चुके थे। वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स 1810 को वाराणसी से मुंबई के लिए रवाना होना था। इस विमान के यात्री भी उड़ान भरने की प्रतीक्षा कर रहे थे।

दोनों विमानों के उड़ान भरने की तैयारी पूरी थी। एयरलाइंस की ओर से एटीसी से अनुमति मांगी गई, लेकिन एयर शो की रिहर्सल के दौरान सुरक्षा और हवाई यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विमानों को उड़ान भरने की मंजूरी नहीं दी गई। इसके चलते यात्रियों को विमान से उतरकर टर्मिनल में इंतजार करना पड़ा।

यात्रियों को नाश्ता और जलपान उपलब्ध कराया

उड़ानों में देरी और विमान से उतरने के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। उनकी असुविधा को देखते हुए संबंधित एयरलाइंस की ओर से नाश्ते और जलपान की व्यवस्था की गई। जानकारी के अनुसार, दोपहर दो बजे एयर शो की रिहर्सल समाप्त होने के बाद एटीसी से अनुमति मिलने पर दोनों विमानों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया जाना था।

इसे भी पढ़े   वाराणसी : कैंट रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग से 5.6 किलो अवैध गांजा बरामद

बुधवार को नमो घाट के सामने गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के विमानों और हेलीकॉप्टरों ने रिहर्सल के दौरान करतब दिखाए। इसे देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह रहा। हालांकि, एयर शो की तैयारियों का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा और चेन्नई तथा मुंबई जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *