साइबर ठगी से बचाव के लिए वाराणसी परिक्षेत्र में जागरूकता अभियान शुरू

साइबर ठगी से बचाव के लिए वाराणसी परिक्षेत्र में जागरूकता अभियान शुरू

मिशन शक्ति 6.0 के तहत एडीजी नवीन अरोरा की पहल, ठगी होने पर 1930 पर दें सूचना

वाराणसी (जनवार्ता)। दशहरा 2026 के अवसर पर मिशन शक्ति 6.0 के तहत साइबर ठगी से बचाव और लोगों को जागरूक करने के लिए वाराणसी परिक्षेत्र में विशेष अभियान शुरू किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी परिक्षेत्र नवीन अरोरा की पहल पर चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से लोगों, विशेषकर महिलाओं को साइबर अपराधियों के तौर-तरीकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार त्योहारों के दौरान सस्ते सामान, अधिक मुनाफे, नौकरी और आकर्षक उपहारों का लालच देकर साइबर ठगी की घटनाएं बढ़ने की आशंका रहती है। इसके अलावा साइबर अपराधी अनजान फाइल और फर्जी लिंक भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। कई बार वीडियो या अन्य माध्यमों से गिरफ्तारी का डर दिखाकर भी रुपये की मांग की जाती है।

अभियान के तहत महिलाओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी निजी जानकारी और तस्वीरें सार्वजनिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया खातों की गोपनीयता सेटिंग मजबूत रखें। किसी भी प्रकार के अश्लील या आपत्तिजनक संदेश मिलने पर संबंधित प्रमाण सुरक्षित रखते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं। किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने के लिए न दें और न ही किसी अनजान लिंक पर क्लिक करें।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के लालच, डर या दबाव में आकर अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इसे भी पढ़े   सड़क हादसे के मृतक का शव सड़क पर रख चक्का जाम
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *