एयर शो की रिहर्सल देखने उमड़ी भीड़, जाम से जूझे लोग
वाराणसी (जनवार्ता)। गंगा के घाटों पर बुधवार को एयर शो की रिहर्सल देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों के हैरतअंगेज करतब और राफेल की गर्जना ने लोगों को रोमांचित कर दिया।
रिहर्सल के दौरान हेलीकॉप्टर से उतरकर रेस्क्यू टीम ने बचाव अभियान का प्रदर्शन किया। वायुसेना के जवानों के साहस और कौशल को देखकर घाटों पर मौजूद लोग उत्साहित नजर आए।

भीड़ का असर सड़कों पर भी दिखा। गंगा घाटों और नमो घाट के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने से जाम जैसी स्थिति बन गई। यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा कारणों से नमो घाट पर प्रवेश प्रतिबंधित रहा, जबकि अन्य घाटों पर विमानों का प्रदर्शन देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।

