वाराणसी में 13 स्थानों पर होगा प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत

वाराणसी में 13 स्थानों पर होगा प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत

ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से गूंजेगी काशी

वाराणसी (जनवार्ता)। भारतीय वायु सेना के एयर शो में शामिल होने के लिए रविवार को वाराणसी आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। शहर और जिले में 13 स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों, शंखनाद, डमरू दल और पुष्पवर्षा के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे। स्वागत स्थलों पर संगीत और नृत्य के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

rajeshswari

प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियों को लेकर काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने गुरुवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वागत से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने बताया कि आठ स्थानों पर महानगर और चार स्थानों पर जनपद के भाजपा कार्यकर्ता स्वागत की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, पुलिस लाइन के गेट पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगी।

एसपीजी ने अरविंद मिल को सुरक्षा घेरे में लिया

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के खोचवां (रूपापुर) के पास हाईवे किनारे स्थित अरविंद मिल को एसपीजी ने गुरुवार को अपनी निगरानी में ले लिया। बनारस पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री सबसे पहले इसी मिल में जाएंगे। एसपीजी के अधिकारियों ने मिल में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थापकों से बातचीत की और मिल से लेकर जनता इंटर कॉलेज के मैदान में बनाए जा रहे हेलीपैड तक का निरीक्षण किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल ने भी तैयारियों का जायजा लिया। नायब तहसीलदार संग्राम सिंह के अनुसार, प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टरों के लिए तीन बड़े हेलीपैड बनाए जा रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री के लिए एक अलग हेलीपैड तैयार किया जा रहा है।

इसे भी पढ़े   जसूरी में सात दिवसीय जेपीएल टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता मेंबारूद स्पोर्टिंग क्लब बना विजेता

महिलाओं से संवाद करेंगे प्रधानमंत्री

अरविंद मिल के मुख्य प्रबंधक अनुज शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को करीब सुबह 11 बजे पहुंचेंगे। यहां लगभग 30 मिनट तक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह पुलिस लाइन के लिए रवाना होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री मिल में काम करने वाली महिलाओं से बातचीत भी करेंगे।

हाईवे से गांवों तक सफाई अभियान

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए आसपास के रास्तों को दुरुस्त करने का काम तेजी से चल रहा है। हाईवे से लेकर गांवों तक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी, सुरक्षा एजेंसियां और भाजपा पदाधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। एयर शो के साथ प्रधानमंत्री के स्वागत कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए पार्टी स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *