बरेका में हटाए गए पुराने अभिलेख और अनुपयोगी सामान
लेखा विभाग और आरपीएफ परिसर में हुई साफ-सफाई
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में रेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत विभिन्न कार्यालयों एवं परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य कार्यालयों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और अनावश्यक सामग्री से मुक्त बनाना है।


इसी क्रम में शुक्रवार को बरेका के जनसंपर्क कार्यालय एवं स्टोर में विशेष साफ-सफाई की गई। इस दौरान पुराने अभिलेखों और अनुपयोगी सामान को हटाकर कार्यालय परिसर को व्यवस्थित बनाया गया। कर्मचारियों को कार्यस्थल पर नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए जागरूक भी किया गया।

अभियान के तहत लेखा विभाग के जनरल फाइनेंस, डब्ल्यूएमएस अनुभाग, स्टोर फाइनेंस एवं स्थापना अनुभाग में भी सफाई अभियान चलाया गया। यहां कार्यालयों की साफ-सफाई के साथ पुराने रिकॉर्ड और अनुपयोगी सामग्री को हटाया गया, जिससे कार्यस्थलों को अधिक व्यवस्थित बनाने की पहल की गई।
इसके अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के आईपीएफ चैंबर, पोस्ट क्षेत्र के आसपास, बैरक संख्या एक एवं तीन के सामने तथा फायर टेंडर रूम में भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इन स्थानों पर जमा अनावश्यक सामग्री को हटाकर परिसर को स्वच्छ एवं बेहतर रखरखाव योग्य बनाया गया।
बरेका प्रशासन के अनुसार, स्पेशल कैंपेन 6.0 का उद्देश्य केवल साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। अभियान के माध्यम से कार्यालयों में सकारात्मक एवं स्वस्थ कार्य वातावरण बनाए रखने और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया जा रहा है।
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि स्वच्छता एवं कार्यालयों के सुव्यवस्थित रखरखाव को प्राथमिकता देते हुए इस तरह के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं, ताकि कार्यस्थलों को स्वच्छ, स्वस्थ और व्यवस्थित बनाया जा सके।

