जयसूर्या का इलाज करने वाले आयुर्वेदाचार्य 84 की उम्र में दे रहे 8वीं की परीक्षा

जयसूर्या का इलाज करने वाले आयुर्वेदाचार्य 84 की उम्र में दे रहे 8वीं की परीक्षा
ख़बर को शेयर करे

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक बुजुर्ग आयुर्वेदाचार्य को पढ़ाई का ऐसा जज्बा है कि वे 84 साल की उम्र में 8वीं की परीक्षा दे रहे हैं। आयुर्वेदाचार्य प्रकाश इंडियन टाटा पढ़ाई ना करने का बहाना बनाने वालों के लिए प्रेरणा हैं। बता दें कि आयुर्वेदाचार्य प्रकाश इंडियन टाटा कभी स्कूल नहीं गए हैं। वे आयुर्वेद के ज्ञान से और जड़ी बूटियों से कई सेलिब्रिटीज के गंभीर बीमारियों का इलाज कर चुके हैं।

दरअसल, श्रीलंका के क्रिकेटर सनथ जयसूर्या का इलाज कर सुर्खियों में आए छिंदवाड़ा के आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर प्रकाश इंडियन टाटा इन दिनों कक्षा आठवीं का एग्जाम दे रहे हैं। आपको जानकर आश्चर्य होगा, लेकिन यह सच है। वह रोजाना 12 से 15 साल के बच्चों के साथ पेपर देने के लिए नोनिया कर्बल के सरकारी स्कूल के एग्जाम हाल में पहुंच रहे है। आयुर्वेदाचार्य प्रकाश इंडियन टाटा छिंदवाड़ा के गुढी अंबाड़ा क्षेत्र के रहने वाले है। बिना पढ़े-लिखे डॉक्टर इंडियन टाटा आयुर्वेद में पारंगत हो गए और उन्होंने लगभग 112 देश की यात्रा कर कई लोगों का आयुर्वेद पद्धति से इलाज किया है।

अमरकंटक में ली शिक्षा
डॉक्टर टाटा ने एनबीटी से बताया कि वे कभी स्कूल नहीं गए। जब वे 5 साल के थे तो उन्हें एक गुरु मिले, जो उन्हें अमरकंटक ले गए। वहां पर उन्होंने 20 सालों तक आयुर्वेद की चिकित्सा पद्धति सीखी और जड़ी बूटियों का ज्ञान प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने परासिया क्षेत्र में अपना आयुर्वेदिक दवा खाना खोला। यहां से पातालकोट में विभिन्न जड़ी बूटियों पर शोध किया।

इसे भी पढ़े   नोरा फतेही को अली कुली मिर्जा ने मारा था चांटा, दोनों के बीच हुई थी जबरदस्त मारपीट, एक्टर ने अब तोड़ी चुप्पी

मुंबई में भी है डॉक्टर टाटा के दीवाने
छिंदवाड़ा में जन्मे डॉक्टर प्रकाश इंडियन टाटा भले ही छिंदवाड़ा में रहते हो, लेकिन माया नगरी मुंबई में भी उनका एक निवास है। यहां भी कई सेलिब्रिटीज उनसे मिलने आते हैं और इलाज करवाते हैं। कुछ साल पहले उन्होंने पांचवी की परीक्षा दी थी और अब आठवीं की परीक्षा दे रहे हैं। डॉक्टर टाटा का कहना है कि उन्होंने कभी भी किसी से यह नहीं कहा कि उनके पास कोई डिग्री है।

सेलिब्रिटीज और क्रिकेटर्स का किया है इलाज
डॉक्टर टाटा ने पिछले दिनों श्रीलंका के प्रख्यात क्रिकेटर सनथ जयसूर्या के लकवा का इलाज आयुर्वेद पद्धति से किया था, जिसके बाद वह सुर्खियों में आए थे। बाकायदा सनत जयसूर्या ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर डॉक्टर टाटा के साथ अपने अनुभव शेयर किए थे। डॉक्टर प्रकाश इंडियन टाटा महानायक अमिताभ बच्चन और कई देशों के राजनेताओं के इलाज करने का दावा करते हैं।


ख़बर को शेयर करे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *